

272 दिव्यांगजनों को वितरित किए 508 सहायक यंत्र एवं उपकरण
बीकानेर। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा अंत्योदय की योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इनसे अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को राहत मिल रही है।
मेघवाल ने सेवा पखवाड़े के तहत गुरुवार को सांसद सेवा केंद्र में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग द्वारा रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (आरईसीएल) के सीएसआर मद के तहत दिव्यागजनों को सहायक उपकरण और यंत्र प्रदान करने तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अनुदान राशि के चेक वितरण के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान आरईसीएल द्वारा लगभग 40 लाख रुपए की लागत से एमिल्को के माध्यम से 272 दिव्यांगजनों को 508 सहायक अंग एवं उपकरण दिए गए। इनमें 34 मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 107 ट्राई साइकिल, 64 व्हील चेयर, 8 स्मार्ट फोन, 23 स्मार्ट केन, 128 वैशाखी, 7 रॉलेटर तथा 50 श्रवण यंत्र एवं उपकरण शामिल हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 31 जोड़ों को इक्कीस-इक्कीस हजार रुपए के चैक प्रदान किए।
