

योग एवं संस्कार शिविर का समापन, बच्चों को योग, संस्कृति और राष्ट्रसेवा के लिए किया प्रेरित
बीकानेर। भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति एवं युवा भारत, बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में बाबा रामदेव पार्क में आयोजित निःशुल्क योग एवं खेलकूद संस्कार शिविर का समापन समारोह उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, बच्चों, युवाओं तथा गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता निभाई।
शिविर संयोजक नंदकिशोर गहलोत ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को नियमित योगाभ्यास, स्वदेशी खेलकूद, व्यक्तित्व विकास, आयुर्वेद, स्वदेशी जीवनशैली, सनातन संस्कृति, गीता के श्लोक, वैदिक परंपराओं, यज्ञ, स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति तथा नैतिक संस्कारों से जोड़ना रहा। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान विभिन्न रचनात्मक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों के सर्वांगीण विकास का प्रयास किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरजूदास महाराज एवं योगी विलासनाथ जी महाराज उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों एवं युवाओं को नियमित योग अपनाने, भारतीय संस्कृति से जुड़े रहने तथा चरित्र निर्माण के साथ राष्ट्रहित में कार्य करने का संदेश दिया। अतिथियों ने ऐसे संस्कारपरक शिविरों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए आयोजन की सराहना की।
