

यज्ञ कर्म प्रशिक्षण सत्र कल से प्रारंभ
बीकानेर। शहर में वैदिक परंपराओं के प्रचार-प्रसार और युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से 6 मार्च से यज्ञ कर्म प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया जाएगा। यह प्रशिक्षण सत्र जय नारायण व्यास कॉलोनी स्थित सीनियर सिटीजन केंद्र में आयोजित होगा। आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह प्रशिक्षण लगभग 9 दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन एक से दो घंटे की कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को यज्ञ की विधि, उसके वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व तथा सही विधि-विधान से यज्ञ संपन्न करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण सत्र का उद्देश्य युवाओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों को वैदिक संस्कारों और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराना है। आयोजकों ने विशेष रूप से युवक-युवतियों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है, ताकि नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपराओं से जुड़कर उन्हें आगे बढ़ा सके।
