

महिला पतंजलि योग समिति का 25 दिवसीय योग शिविर संपन्न, नियमित योग कक्षा शुरू
बीकानेर। महिला पतंजलि योग समिति, बीकानेर द्वारा शहीद भगत सिंह पार्क, सुदर्शना नगर में 25 दिवसीय महिला योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन राज्य कार्यकारिणी सदस्य सुनीता गुर्जर के सानिध्य में तथा जिला प्रभारी उमा शर्मा के निर्देशन में किया गया, जिसमें लगभग 40 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योग आसनों, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। शिविर के समापन अवसर पर सुनीता गुर्जर और उमा शर्मा द्वारा क्षेत्र में नियमित योग कक्षा प्रारंभ करने की घोषणा की गई। इसके साथ ही दिव्या अरोड़ा को योग शिक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई, जो अब महिलाओं को नियमित रूप से योग का प्रशिक्षण देंगी। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें नियमित योग अभ्यास के लिए प्रेरित करना है।
