

48 दिनों से जारी जलसेवा: बीकानेर सेवा योजना ने वन क्षेत्रों में पशु-पक्षियों की बुझाई प्यास
बीकानेर। भीषण गर्मी के बीच बीकानेर सेवा योजना द्वारा पिछले 48 दिनों से निरंतर जनसहयोग के माध्यम से पशु-पक्षियों के लिए जलसेवा का पुनीत कार्य किया जा रहा है। संस्था द्वारा बीकानेर के 25-30 किलोमीटर के दायरे में स्थित गोचर, ओरण एवं वन विभाग के क्षेत्रों में गोवंश सहित अन्य पशु-पक्षियों और जीव-जंतुओं की प्यास बुझाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। संस्था के अध्यक्ष राजकुमार व्यास ने बताया कि जोड़बीड वन क्षेत्र, कोटड़ी और सुरधना के पास रोही क्षेत्रों में बने सोसरों और जगलरों में स्वच्छ पानी भरवाया गया, जिससे वन्य जीवों को भीषण गर्मी में राहत मिल सके। इस सेवा कार्य में छोटूलाल चूरा, महावीर सिंह सुरधना, सुमन जोशी, बद्रीदास जोशी और वीरेंद्र सहित कई समाजसेवियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आर्थिक सहयोग के माध्यम से इस अभियान को निरंतर गति दी जा रही है। बीकानेर सेवा योजना की यह पहल न केवल जीवदया का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक संवेदनशीलता का भी प्रेरक संदेश दे रही है।
