

अनुशासनहीनता पर व्यास को 3 वर्ष के लिए किया निष्कासित
बीकानेर। आम आदमी पार्टी की अनुशासन समिति एवं जिला नेतृत्व द्वारा संगठनात्मक समीक्षा के बाद बड़ा निर्णय लेते हुए रवि व्यास को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता एवं सभी संगठनात्मक जिम्मेदारियों से तत्काल प्रभाव से तीन वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है। जिला नेतृत्व के अनुसार रवि व्यास, जिन्हें बीकानेर पश्चिम विधानसभा अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया था, पिछले कई महीनों से पार्टी गतिविधियों से लगातार अनुपस्थित रहे। 23 मार्च को स्वयं को शहर अध्यक्ष घोषित करना संगठनात्मक मर्यादा एवं पार्टी अनुशासन के विपरीत पाया गया। पार्टी की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि विभिन्न बैठकों, ज्ञापनों एवं कार्यक्रमों में बार-बार बुलाने के बावजूद उनकी अनुपस्थिति रही। साथ ही प्रदेश प्रभारी त्रिलोकदीप के बीकानेर दौरे के दौरान भी वे उपस्थित नहीं रहे, जिसे गंभीर अनुशासनहीनता माना गया। जिला अध्यक्ष मोहन सिंह राठौड़ के प्रति अनुचित व्यवहार की शिकायतों तथा पिछले लगभग चार महीनों से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी नहीं होने को भी कार्रवाई का आधार बताया गया। संगठन हित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया।
