

मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए व्यापार उद्योग मंडल चलाएगा मतदाता जागरूकता अभियान
बीकानेर। नगर निगम वार्ड चुनाव में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल की बैठक मंडल कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में मतदाता जागरूकता एवं मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर मतदाता जागरूकता पोस्टर का विमोचन भी किया गया। मंडल अध्यक्ष जुगल राठी ने बीकानेर के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक मतदाता अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मंडल के सचिव संजय जैन ने बताया कि मंडल की ओर से व्यापारिक क्षेत्रों एवं बाजारों के साथ-साथ आम नागरिकों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार कर मतदान के प्रति जागरूकता पैदा की जाएगी। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से भी मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। बैठक में कमल बोथरा, वेद प्रकाश अग्रवाल, इमरान राठौड़, जनक हर्ष, संदीप बुढ़ानिया, भंवरलाल राजपुरोहित, दिनेश राठी, रमेश जाजड़ा, शिव कुमार व्यास, राजू मेहरा सहित मंडल के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं को जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
