

महेश नवमी से पूर्व तीन दिवसीय योग एवं मेडिटेशन शिविर का शुभारंभ
बीकानेर। महेश नवमी पर्व के उपलक्ष्य में माहेश्वरी महिला समिति, बीकानेर के तत्वावधान में महेश भवन में स्वर्गीय महेंद्र दुजारी की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय योग एवं मेडिटेशन शिविर का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। शिविर का आयोजन डॉ. निशा दुजारी के निर्देशन में किया जा रहा है। समिति की किरण झंवर एवं सरल लोहिया ने बताया कि उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य वैद्य सोहनलाल राठी थे। इस अवसर पर मूलचंद राठी, राम सिंगी एवं याज्ञवल्क्य दम्मानी ने शॉल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर वैद्य सोहनलाल राठी का सम्मान किया। शिविर संचालिका डॉ. निशा दुजारी ने बताया कि 19 एवं 20 जून को योग, मेडिटेशन तथा स्वस्थ जीवनशैली विषय पर विशेष परिचर्चा एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में सत्यनारायण राठी, पवन राठी, शशि मोहता, राजेश बिनानी, गिरिराज चांडक, मोहनलाल सहित समाज के अनेक गणमान्यजन एवं महिला समिति की सदस्याएं उपस्थित रहीं।
