Bikaner Bikaner District Rajasthan स्वास्थ्य जागरूकता

युवाओं को किया जागरूक, पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित

युवाओं को किया जागरूक, पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित
बीकानेर। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में 17 से 26 जून तक ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एल.डी. पंवार ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन 17 जून को जिले के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों एवं स्टाफ को नशामुक्त जीवन का संकल्प दिलाया गया। इसी क्रम में गुरुवार को जिला नशा मुक्ति पुनर्वास केंद्र, बीकानेर द्वारा एम.एन. कोचिंग सेंटर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने नशामुक्ति विषय पर आकर्षक पोस्टर एवं प्रभावी स्लोगन प्रस्तुत कर समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर केंद्र के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही सभी विद्यार्थियों को नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई गई तथा समाज में जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प कराया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया। जिला प्रशासन ने अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं विकसित भारत के निर्माण का संदेश दिया। एल.डी. पंवार ने बताया कि अभियान के तहत 19 जून को कलक्ट्रेट परिसर से भारत स्काउट एवं गाइड कार्यालय तक नशा मुक्ति जागरूकता साइकिल रैली निकाली जाएगी। वहीं 20 जून को शहर के प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *