

श्रीराम कथा अमृतोत्सव का होगा समापन, सोमवार से होगी “नानी बाई के मायरे” की संगीतमय कथा
बीकानेर। श्रीराम कथा अमृतोत्सव का समापन कल राम राज्य अभिषेक प्रसंग के साथ होगा। सीताराम भवन में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन कथा श्रवण कर रहे हैं। सोमानी परिवार की ओर से आयोजित कथा के समापन उपरांत सोमवार से संगीतमय “नानी बाई के मायरे” कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन एवं विवेचन देवेश दीक्षित महाराज करेंगे। कथावाचक पंडित पुरुषोतम व्यास ने कहा कि भगवान श्रीराम का नाम लेने से जीवन के विषम परिस्थितियां भी अमृत समान बन जाती हैं तथा शत्रु भी मित्र बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि राम नाम का जाप और संकीर्तन व्यक्ति को प्रभु भक्ति तथा आत्म कल्याण के मार्ग की ओर अग्रसर करता है। उन्होंने हनुमानजी एवं विभीषण के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि — “बिन हरि कृपा मिले नहीं संता”, अर्थात भगवान की असीम कृपा से ही सच्चे संतों और सत्संग का लाभ प्राप्त होता है। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए।
