

गौ माता राष्ट्रमाता के उद्घोष के साथ गूंजी श्री गौ नंदी कृपा कथा
बीकानेर। गौ सम्मान आह्वान अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के उद्देश्य से केसरदेसर जाटान गांव स्थित गौशाला में आयोजित श्री गौ नंदी कृपा कथा के तीसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और गौसेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। गौ माता के जयकारों के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर-नारियों ने संगीतमय कथा का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया तथा गौ रक्षा के संकल्प के साथ सुरभि यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं। कार्यक्रम में गोभक्त मणका देवी-गोपी किशन चांडक, जुगल-मधु चांडक, सुनील-संतोष चांडक सहित माहेश्वरी समाज एवं गांव के सर्व समाज के सहयोग से यज्ञ और कथा का आयोजन किया गया। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। अनेक महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने अपने हाथों पर मेहंदी से “गौ माता राष्ट्रमाता” अंकित कर गौभक्ति और राष्ट्रभावना का संदेश दिया। कथा के दौरान गौ संरक्षण, संवर्धन और भारतीय संस्कृति में गौ माता के महत्व पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक उत्तरदायित्व भी है। कथा के समापन अवसर पर गौ सेवक प्रकाश तोषनीवाल, मनोहर लाल पंड्या, राधा प्रकाश, ओम प्रकाश चांडक, शिव नारायण तोषनीवाल, डॉ. गोपाल तथा प्रयागचंद चांडक सहित अनेक गौभक्तों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। श्रद्धालुओं के उत्साह और सहभागिता से कथा एवं यज्ञ का वातावरण पूरी तरह गौभक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।
