Bikaner Bikaner District Rajasthan

पुष्करणा समाज का उत्पत्ति दिवस 22 से 26 अगस्त तक मनाया जाएगा

पांच दिवसीय आयोजन में पुष्करणा मेला, रंगोली व मेहंदी-मांडणा प्रतियोगिता, हास्य कवि सम्मेलन और संगोष्ठी सहित होंगे विभिन्न कार्यक्रम
बीकानेर। पुष्करणा समाज के उत्पत्ति दिवस के अवसर पर श्री पुष्करणा प्रन्यास एवं आयोजन समिति के तत्वावधान में 22 से 26 अगस्त तक पांच दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के पोस्टर का विमोचन पंडित जुगल किशोर ओझा के सानिध्य में डॉ. सुनील हर्ष, गोकुल जोशी एवं महेंद्र चूरा ने किया।
आयोजन समिति के अनिल आचार्य ने बताया कि पांच दिवसीय कार्यक्रमों का आगाज 22 अगस्त को पुष्करणा स्टेडियम में पुष्करणा मेले से होगा। मेले के दौरान समाज की महिलाओं द्वारा निर्मित विभिन्न व्यवसायिक वस्तुओं की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। इसी दिन शाम को पारंपरिक गीतों का आयोजन होगा।
पुरोहित ने बताया कि 23 अगस्त को दोपहर में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें समाज की कन्याएं एवं महिलाएं अलग-अलग मोहल्लों में जाकर रंगोली बनाएंगी। सर्वश्रेष्ठ रंगोली बनाने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। शाम को हास्य कवि सम्मेलन होगा, जिसमें समाज के कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को मेहंदी-मांडणा प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके साथ ही वरिष्ठ साहित्यकारों तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में 25 वर्ष पूर्ण कर चुके पत्रकारों का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद ‘पुष्करणा समाज की दशा और दिशा’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें प्रबुद्धजन अपने विचार रखेंगे। पुष्करणा दिवस के अवसर पर 26 अगस्त को सुबह मुरलीधर रोड स्थित मां उष्टवाहिनी मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना एवं महाआरती की जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार सभी कार्यक्रम पुष्करणा स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे, जबकि 26 अगस्त का धार्मिक कार्यक्रम मां उष्टवाहिनी मंदिर में होगा।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर रासबिहारी जोशी, बद्रीदास जोशी, महेंद्र व्यास, वीरेंद्र किराडू, राजकुमारी व्यास, आरती आचार्य, शिवराज व्यास, दिनेश चूरा, एडवोकेट अजय व्यास, शारदा पुरोहित, अर्चना थानवी, सेनूका हर्ष, सुमन ओझा, प्रेमशंकर रंगा, नवरत्न व्यास, शशि व्यास, विजय भादाणी एवं विजय पुरोहित सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *