

डेयरी फार्मिंग पर सात दिवसीय उद्यमशीलता प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन
बीकानेर। राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के प्रसार शिक्षा निदेशालय की ओर से आयोजित सात दिवसीय डेयरी फार्मिंग पर उद्यमशीलता प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सुमंत व्यास ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पशुपालकों में उद्यमशीलता को बढ़ावा देने तथा पशुपालन के माध्यम से आर्थिक उत्थान के उद्देश्य से विश्वविद्यालय द्वारा कौशल विकास कार्यक्रम की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों के इच्छुक प्रशिक्षणार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने डेयरी फार्मिंग के क्षेत्र में बुनियादी जानकारी प्रदान करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि सात दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को डेयरी फार्मिंग के विभिन्न पहलुओं, प्रबंधन तथा डेयरी फार्मिंग से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीकानेर, हनुमानगढ़, जयपुर एवं नागौर जिलों के 20 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण संदर्शिका का वितरण किया गया। प्रशिक्षण उपरांत सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के आयोजन में प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. विजय बिश्नोई, डॉ. देवीसिंह एवं डॉ. संजय सिंह का सहयोग रहा।
