Bikaner Bikaner District Rajasthan

कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का मूल उद्देश्य जरूरतमंद लोगों के आर्थिक स्तर को ऊंचा उठाना है : हर्षवर्द्धन

कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का मूल उद्देश्य जरूरतमंद लोगों के आर्थिक स्तर को ऊंचा उठाना है : हर्षवर्द्धन
बीकानेर । जन शिक्षण संस्थान द्वारा समाज के जिन जरूरतमंद लोगों को कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है उनका मूल उद्देश्य यह है कि वे अपने कौशल के आधार पर आत्मनिर्भरता की राह में आगे बढ़े और समाज का आर्थिक स्तर ऊँचा उठ सके। ये उद्बोधन प्रशिक्षण के उद्घाटन सत्र के मुख्यअतिथि के रूप में श्री हर्षवर्द्धनजी, डिप्टी डायरेक्टर, निदेशालय जन शिक्षण संस्थान, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अपने वर्चुअल माध्यम से अभिव्यक्त किए। उल्लेखनीय है कि जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर द्वारा वार्षिक कार्ययोजना 2025-26 के तहत आज दिनांक 10 जून, 2025 को संस्थान सभागार में आयोजित जिला स्तरीय संदर्भ व्यक्ति कार्यक्षमता संवर्द्धन प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में बीकानेर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के संदर्भ व्यक्तियों ने भाग लिया।
अपने वर्चुअल संवाद में श्रीहर्षवर्द्धन ने कहा हमें कौशल प्रशिक्षणों की समाप्ति के बाद भी प्रशिक्षणार्थी से लगातार जुड़कर, उसका फीडबैक लेते हुए रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए उनका निरंतर मार्गदर्शन करते रहना है। हमें भी अपने कौशल प्रशिक्षणों को भी समय एवं बाजार की मांग के अनुसार अपडेट और अपग्रेड करना होगा। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न ब्लॉक से आए संदर्भ व्यक्तियों के साथ बातचीत करके उनके काम की जानकारी ली और उनका उत्साह बढ़ाया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में बीकानेर प्रौढ़ शिक्षण समिति की सचिव श्रीमती सुशीला ओझा ने कहा कि महिलाओं को हुनर सीखने के साथ मन में हौसला भी बनाना होगा। हुनर के साथ जब हौसले का मेल होता है तब ही आत्मनिर्भरता प्राप्त होती है। इसके साथ ही उन्होंने पारंपरिक हुनर और पारंपरिक उत्पाद को पुनर्विकसित करने का सुझाव भी दिया।
सान्निध्य उद्बोधन में बीकानेर प्रौढ़ शिक्षण समिति की उपाध्यक्ष डॉ. विभा बंसल ने कहा कि प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के साथ-साथ जीवन-व्यवहार कौशल भी सीखाएं ताकि वे सामाजिक संस्कारों के प्रति भी सक्रिय एवं सजग बन सकें।
प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में राजकीय महिला पोलीटेक्निक कॉलेज की वरिष्ठ प्रवक्ता श्रीमती मंजु सुथार बाजार की मांग के अनुसार तैयार उत्पाद की गुणवत्ता बढ़ाने एवं वैल्युएडिसन करने की जानकारी दीं। इस क्रम में लीडबैंक अधिकारी कार्यालय से श्रीकिशन श्रीमाली एवं पुष्पेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना एवं साईबर फ्रॉड से बचाव के साथ वित्तीय साक्षरता की और राजीविका के जिला प्रबंधक श्री मणिशंकर हर्ष एवं मुकुंद बिहारी ने स्वयं सहायता समूह, लखपति दीदी, ग्राम संगठन, सोलर दीदी, द्रोण दीदी आदि की जानकारी दी। इसके साथ ही
संस्थान के निदेशक ने आगंतुकांे का स्वागत करते हुए बताया कि जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर द्वारा आयोजित इस एक दिवसीय संदर्भ व्यक्ति कार्यक्षमता संवर्द्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम में संस्थान द्वारा कौशल प्रशिक्षणों के बेहतर संचालन के साथ मुख्यतः लाईवलीहुड सेल के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में मजबूत एवं सार्थक कार्य करने की कार्यक्षमता का विकास का प्रयास किया जाएगा।
संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी ने प्रशिक्षण का संयेाजन करते हुए आदर्श संदर्भ व्यक्ति, आदर्श प्रशिक्षण केन्द्र, सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्री तलत रियाज एवं उमाशंकर आचार्य ने सिद्ध पोर्टल पर प्रशिक्षणार्थियों रजिस्ट्रेशन, आवश्यक प्रपत्र संधारण एवं दस्तावेजीकरण करने और लेखाकार लक्ष्मीनारायण चूरा ने सहायक शिक्षण सामग्री के उपयोग एवं प्रशिक्षण शुल्क के बारे में जानकारी दी और विष्णुदत मारू और श्रीमोहन आचार्य की इस एक दिवसीय प्रशिक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण व्यवस्थापन कार्य में सक्रिय सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *