Bikaner Bikaner District

उत्तर पश्चिम रेलवे के देशनोक रेलवे स्टेशन पर चार जोड़ी ट्रेनों का ठहराव प्रारंभ

रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं में विस्तार के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध
भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस को प्रथम ठहराव के बाद केंद्रीय विधि एवं न्याय और संसदीय कार्य ने दिखाई हरी झंडी
बीकानेर। केंद्रीय विधि एवं न्याय और संसदीय कार्य राज्य मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने सोमवार को उत्तर पश्चिम रेलवे के देशनोक रेलवे स्टेशन पर भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन को प्रथम ठहराव के पश्चात हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रेलवे ने जोधपुर मंडल के अधीन देशनोक रेलवे स्टेशन करणी माता मंदिर के दर्शनार्थियों व यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चार जोड़ी ट्रेनों का ठहराव प्रारंभ किया है।
इस उपलक्ष्य में सोमवार को देशनोक रेलवे स्टेशन पर ट्रेन 19225, भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस के प्रथम ठहराव को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने से पूर्व आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने रेलसेवाओं व यात्री सुविधाओं के विस्तार की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए आमजन की मांग के अनुरूप चार जोड़ी ट्रेनों के देशनोक रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।
भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस सहित चार ट्रेनों के देशनोक स्टेशन पर ठहराव का शुभारंभ करने के साथ ही उन्होंने क्षेत्र के अन्य स्टेशनों पर भी ट्रेनों के अधिकाधिक ठहराव का भरोसा दिलाया।
प्रारंभ में जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने केंद्रीय विधि एवं न्याय और संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का साफा बंधवा और वेलकम प्लांट भेंट कर स्वागत किया और चार जोड़ी ट्रेनों का देशनोक रेलवे स्टेशन पर ठहराव होने पर सभी को शुभकामनाएं दी।
सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा ने समारोह के सभी मंचासीन अतिथियों का साफा बंधवा कर स्वागत किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर मनोहर सिंह सहित अनेक रेलवे अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। समारोह का संचालन श्री राजकुमार जोशी ने किया।
’देशनोक रेलवे स्टेशन पर ठहराव करने वाली चार ट्रेनों के आवागमन में ठहराव की समय सारणी’
ट्रेन 19225, भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस (प्रतिदिन) देशनोक स्टेशन पर सुबह 10.52 बजे आकर 10.54 बजे प्रस्थान करेगी जबकि वापसी में ट्रेन 19226, जम्मूतवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस (प्रतिदिन) दोपहर 4.06 बजे आकर 4.08 बजे प्रस्थान करेगी।
इसी प्रकार ट्रेन 19223, साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस (प्रतिदिन) देशनोक स्टेशन पर रात्रि 10.34 बजे आकर 10.36 बजे प्रस्थान करेगी जबकि वापसी में ट्रेन 19224, जम्मूतवी-साबरमती एक्सप्रेस देशनोक स्टेशन पर 10 जून से रात्रि 1 बजे आकर 1.02 बजे प्रस्थान करेगी।
इसी तरह ट्रेन 22463,दिल्ली सराय रोहिल्ला-बीकानेर राजस्थान संपर्क क्रांति सुपरफास्ट (द्विसाप्ताहिक) जो 13 जून से दिल्ली सराय रोहिल्ला से प्रस्थान करेगी वह 14 जून से देशनोक स्टेशन पर सुबह 6.56 बजे आकर 6.58 बजे प्रस्थान करेगी जबकि वापसी में ट्रेन 22664,बीकानेर दिल्ली सराय रोहिल्ला सुपरफास्ट (द्विसाप्ताहिक) जो 10 जून से दिल्ली सराय रोहिल्ला से प्रस्थान करेगी वह देशनोक स्टेशन पर शाम 6.34 बजे आकर 6.36 बजे प्रस्थान करेगी।
ट्रेन 22737,सिकंदराबाद-हिसार सुपरफास्ट ( द्विसाप्ताहिक) जो 10 जून से सिकंदराबाद से प्रस्थान करेगी वह देशनोक स्टेशन पर तीसरे दिन 12 जून को सुबह 11.42 बजे आकर 11.44 बजे प्रस्थान करेगी जबकि वापसी में ट्रेन 22738,हिसार-सिकंदराबाद सुपरफास्ट (द्विसाप्ताहिक) जो 13 जून से हिसार से प्रस्थान करेगी वह देशनोक स्टेशन पर उसी दिन शाम 7.52 बजे आकर 7.54 बजे प्रस्थान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *