

तेरापंथ महिला मंडल की संगठन यात्रा सम्पन्न, महिलाओं को किया जागरूक
बीकानेर। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल द्वारा वर्ष 2025-27 की अवधि के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमन नाहटा के मार्गदर्शन में संगठन यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ममता रांका, बीकानेर प्रभारी दीपिका बोथरा एवं कार्यसमिति सदस्य सुप्रिया राखेचा द्वारा 10 एवं 11 मई को दो दिवसीय संगठन यात्रा की गई। यात्रा के दौरान श्रीडूंगरगढ़, उदासर, बीकानेर, गंगाशहर, भीनासर, देशनोक, जोरावरपुर, नोखा, कालू एवं लूणकरनसर सहित विभिन्न स्थानों पर महिलाओं से संवाद किया गया। ममता रांका ने बताया कि संगठन यात्रा का उद्देश्य कन्या मंडलों को सशक्त बनाना, महिलाओं को एकजुट करना, समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना तथा आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से नारी शक्ति को सक्रिय करने, अनुशासन स्थापित करने तथा बिखरी हुई शक्तियों को जोड़कर समाज सेवा के नए आयाम स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। बीकानेर प्रभारी दीपिका बोथरा ने बताया कि सभी स्थानों पर महिलाओं से संवाद कर संगठन को मजबूत करने और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
