

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
बीकानेर। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गुरुवार को गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में मोहन सुराणा ने राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष तथा विनोद गोयल ने बीकानेर जिला अध्यक्ष पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, गोपाल शर्मा एवं हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने संगठन को सशक्त बनाने तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहन सुराणा ने कहा कि भारतीय उद्योग व्यापार मंडल प्रदेशभर के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा तथा व्यापारिक हितों को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन व्यापारियों और शासन-प्रशासन के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने का भी प्रयास करेगा। विनोद गोयल ने कहा कि जिले के व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने तथा संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से संगठन के साथ जुड़कर व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। समारोह में के.के. मेहता, चंद्रशेखर शर्मा, इंद्र राव, पंकज अग्रवाल, महावीर बोथरा सहित व्यापार जगत से जुड़े अनेक पदाधिकारी, व्यापारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपस्थित वक्ताओं ने नवगठित टीम को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
