

शपथ ग्रहण समारोह आयोजित
बीकानेर। श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा का शपथ ग्रहण समारोह मुनि अमृत कुमार के सान्निध्य में आयोजित किया गया। समारोह में सभा के मंत्री जतन लाल संचेती ने पिछले कार्यकाल में सभा द्वारा किए गए कार्यों का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात नवमनोनीत अध्यक्ष नवरतन बोथरा ने अपनी टीम के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। नवरतन बोथरा ने कहा कि वे और उनकी पूरी टीम संघ द्वारा निर्धारित सभी कार्यक्रमों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर मुनि प्रबोध कुमार ने कहा कि आचार्य तुलसी की दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि धर्मसंघ की तरह सभा के लिए भी मर्यादाएं निर्धारित की गई हैं, जिनके आधार पर संगठन अनुशासित एवं सशक्त रूप से कार्य करता है। कार्यक्रम में मुनि उपशम कुमार, कन्हैयालाल बोथरा, लूणकरण छाजेड़, गणेश बोथरा, भैरूदान सेठिया, प्रेम बोथरा एवं ललित राखेचा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
