

18 दिवसीय लाइव क्विज में सुजानगढ़ का लड्ढा परिवार बना विजेता
बीकानेर/सुजानगढ़। देश के सबसे लंबे समय तक प्रसारित होने वाले पारिवारिक मनोरंजन धारावाहिक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के निर्माताओं की ओर से आयोजित 18 दिवसीय लाइव क्विज सफलतापूर्वक संपन्न हुई। धारावाहिक की 18वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस क्विज में देशभर से दर्शकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। क्विज के माध्यम से प्रशंसकों को अपने पसंदीदा धारावाहिक, उसके लोकप्रिय किरदारों और गोकुलधाम सोसाइटी की दुनिया से जुड़ने का अवसर मिला।क्विज के विजेताओं की घोषणा के क्रम में सुजानगढ़ की ज्योति राजकुमार लड्ढा और उनका परिवार भी विजेता परिवारों में शामिल हुआ है। इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। विजेता परिवार को धारावाहिक के प्रतिष्ठित गोकुलधाम सोसाइटी सेट पर जाने का विशेष अवसर मिलेगा। परिवार वहां धारावाहिक की शूटिंग को नजदीक से देख सकेगा और कलाकारों तथा शूटिंग प्रक्रिया से रूबरू होने का अनुभव प्राप्त करेगा।
