

आंगन मिलन सेवा समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान
बीकानेर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा समारोह’ के प्रथम चरण में छह स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोह का उद्देश्य महिला एवं बाल विकास, पोषण तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनका सम्मान एवं उत्साहवर्धन करना रहा। राजेश कंवर ने बताया कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-6, गणेश टेंट वाली गली; रामदेवजी मंदिर, खटीकों की मस्जिद के पास; जलेवल स्कूल, त्यागी वाटिका; सेठ शेरमल फतेहचंद डागा स्कूल, गंगाशहर; एम.एम. ग्राउंड के पास सामुदायिक भवन, वाल्मीकि बस्ती तथा नरसिंहजी मंदिर, श्याम अग्रवाल हॉस्पिटल के पीछे, जस्सूसर गेट के पास कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, समाज के गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का फूल-माला पहनाकर सम्मान किया। सभी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को गमले एवं प्रधानमंत्री का संदेश पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में समाजसेवी श्रीमती मिताली, अनु सुथार, आशा आचार्य, नोमान खान, यशी शर्मा, राजश्री कच्छावा, पार्षद संदीप गहलोत, सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. प्रभा, तारा सोनी, उमा शर्मा, कविता शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया। इस दौरान महिला पर्यवेक्षक कल्पना स्वामी, मंजुला पड़िहार, मंजू खड़गावत, रुखसाना एवं अनुराधा संबंधित केंद्रों पर उपस्थित रहीं।
