

करणी, बीछवाल व समता नगर क्षेत्र में गैस पाइपलाइन का सफल परीक्षण, मार्च अंत तक शुरू होगी सप्लाई
बीकानेर। शहर में औद्योगिक विकास को गति देने और गैस पाइपलाइन की सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गेसोनेट कंपनी के प्रतिनिधियों एवं बीकानेर जिला उद्योग संघ के पदाधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण चर्चा आयोजित की गई। बैठक में कंपनी के राजेन्द्र कुमार, गंगा प्रसाद बरुआ, प्रशांत भट्ट सहित जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
कंपनी के प्रतिनिधि राजेन्द्र कुमार ने बताया कि गेसोनेट कंपनी द्वारा करणी औद्योगिक क्षेत्र, बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र तथा समता नगर के रिहायशी क्षेत्र में गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। पाइपलाइन का परीक्षण भी सफल रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि मार्च माह के अंत तक संबंधित क्षेत्रों में गैस कनेक्शन प्रदान कर नियमित गैस आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। इस सुविधा के शुरू होने से औद्योगिक इकाइयों को स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा उपलब्ध होगी, जिससे उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी और बीकानेर के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
