

नशा मुक्ति निबंध प्रतियोगिता, 200 विद्यार्थियों ने लिया भाग
बीकानेर। समाज को नशामुक्त बनाने और युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से लक्की मॉडर्न स्कूल एवं सनराइज स्कूल में डॉ. कन्हैया के नेतृत्व में नशा मुक्ति निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में करीब 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशे के दुष्प्रभाव, स्वस्थ जीवनशैली और समाज में जागरूकता की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपने निबंधों में बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, शिक्षा, सामाजिक संबंधों और भविष्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका पर जोर देते हुए अपने विचारों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश दिया। इस अवसर पर डॉ. कन्हैया ने कहा कि “नशे से दूरी ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी गारंटी है।” उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनों ने नशा मुक्ति की शपथ लेकर समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
