Bikaner Bikaner District Rajasthan

प्रसूता की मौत के मामले में दो दिन बाद समाप्त हुआ धरना, मेडिकल बोर्ड से होगा पोस्टमार्टम

प्रसूता की मौत के मामले में दो दिन बाद समाप्त हुआ धरना, मेडिकल बोर्ड से होगा पोस्टमार्टम
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल के मेडिसीन आईसीयू में भर्ती प्रसूता कमला की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले को लेकर मोर्चरी के बाहर कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में दो दिन से चल रहा धरना प्रशासन के साथ हुई वार्ता के बाद समाप्त हो गया। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दिया था। इस दौरान प्रशासन पर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को राहत दिलाने का दबाव बनाया गया। बाद में एडीएम (प्रशासन) उम्मेद सिंह रत्नू, सीओ अनुष्ठा कालिया, पीबीएम अस्पताल प्रशासन तथा कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई वार्ता में विभिन्न मांगों पर सकारात्मक सहमति बनी। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रसूता कमला के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके। कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस लगातार उनके साथ खड़ी रहेगी और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। धरना स्थल पर भंवर कूकणा, श्रीकृष्ण गोदारा, राजेन्द्र बापेऊ, सीताराम नायक, मंगनाराम केडली, रामनिवास कूकणा, तेजाराम मेघवाल सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *