

सप्तम पोषण पखवाड़ा: पोस्टर का विमोचन
बीकानेर। जिला प्रशासन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पोषण अभियान के तहत 8 से 22 अप्रैल तक ‘सप्तम पोषण पखवाड़ा’ मनाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इसी श्रृंखला में बीकानेर (पश्चिम) विधायक श्री जेठानंद व्यास और जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने मंगलवार को पोषण पखवाड़े का शुभारंभ किया। विधायक और जिला कलेक्टर ने पोस्टर विमोचन किया। जिला कलेक्टर ने रैली को हरी झंडी दिखाई।
विधायक श्री व्यास ने महिलाओं को सुपोषण के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के प्रारंभिक हजार दिवसों में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक विकास के प्रति गंभीरता बरतने को कहा। उन्होंने कहा कि आमजन को मोटा अनाज का उपयोग व गुणवत्ता के प्रति जागरूक किया जाए। इस दौरान जिला कलेक्टर ने जिले की 150 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली गई सुपोषण जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर कलेक्टर परिसर से रवाना किया।
