

स्काउट-गाइड ने दिया मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश
बीकानेर। स्वीप के तहत राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के देवीकुंड सागर स्थित मंडल स्तरीय ट्रेनिंग सेंटर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी श्रीमती शैलजा पांडे के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर्स ने भाग लेकर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। सुरेश बिश्नोई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर्स सबसे पहले स्वयं मतदान करें और अपने परिजनों, मित्रों एवं पड़ोसियों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्काउट एवं गाइड के माध्यम से सेवा, सहयोग और नेतृत्व की भावना विकसित की जाती है। मतदान लोकतंत्र की मजबूती से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। ऐसे में मतदान के दिन सेवा एवं सहयोग की भावना के साथ अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए। स्वीप समन्वयक प्रशांत जोशी एवं सह समन्वयक गोपाल जोशी ने स्वीप के तहत आयोजित की जा रही विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से मतदान दिवस पर बुजुर्ग एवं जरूरतमंद मतदाताओं को मतदान में सहयोग करने तथा अपने आसपास के आमजन को भी अनिवार्य रूप से मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
