

स्कॉलरशिप के लिए आवेदन शुरू, यूजी छात्रों को ₹2 लाख तक की सहायता
बीकानेर। उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए रिलायंस फाउंडेशन ने स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस वर्ष देशभर के 5,100 प्रथम वर्ष के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इनमें 5,000 छात्रवृत्तियां स्नातक और 100 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए हैं। स्नातक विद्यार्थियों को अध्ययन अवधि के दौरान अधिकतम 2 लाख रुपये तथा स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को अधिकतम 6 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। देश के किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान में फुल-टाइम डिग्री प्रोग्राम के प्रथम वर्ष में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है। स्नातक छात्रवृत्ति के लिए विद्यार्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और आर्थिक स्थिति के आधार पर किया जाएगा। वहीं, स्नातकोत्तर छात्रवृत्ति इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, एनर्जी और लाइफ साइंसेज जैसे भविष्य की संभावनाओं वाले क्षेत्रों में अध्ययन कर रहे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए है। छात्रवृत्ति के साथ चयनित विद्यार्थियों को मेंटॉरशिप, लीडरशिप डेवलपमेंट, नेटवर्किंग तथा इंडस्ट्री विशेषज्ञों से संवाद के अवसर भी मिलेंगे। रिलायंस फाउंडेशन पिछले तीन दशकों से छात्रवृत्ति कार्यक्रम संचालित कर रहा है और अब तक 33 हजार से अधिक विद्यार्थियों को सहायता प्रदान की जा चुकी है। पिछले वर्ष चयनित 5,100 विद्यार्थी देश के 27 राज्यों और सात केंद्र शासित प्रदेशों के 1,350 संस्थानों से थे। पात्र विद्यार्थी रिलायंस फाउंडेशन की छात्रवृत्ति वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
