Bikaner Bikaner District Rajasthan

सफाई व्यवस्था चरमराई, परकोटे में गंदगी और जलभराव से जनजीवन प्रभावित

सफाई व्यवस्था चरमराई, परकोटे में गंदगी और जलभराव से जनजीवन प्रभावित
बीकानेर। हाल ही में हुई बारिश के बाद शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। शहरी परकोटे के गली-मोहल्लों से लेकर बाहरी क्षेत्रों तक नालियां और नाले उफान पर आ गए, जिससे सड़कों पर गंदे पानी का जमाव हो गया और कई स्थानों पर हालात दरिया जैसे बन गए। स्थिति यह है कि बारिश थमने के बाद भी शहर के अधिकांश इलाकों में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। घनी आबादी वाले क्षेत्रों, स्कूल-कॉलेजों और मंदिरों के आसपास भी सफाई का अभाव साफ दिखाई दे रहा है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण वे जाम हो गई हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर फैलकर दुर्गंध और बीमारियों का कारण बन रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की सफाई व्यवस्था पूरी तरह निष्क्रिय प्रतीत हो रही है। कई जगहों पर कचरे के बड़े-बड़े ढेर पड़े हैं, जिनकी समय पर उठान नहीं हो रही। इससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शहरवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और कचरे का त्वरित निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *