Bikaner Bikaner District Rajasthan

समग्र शिक्षा द्वारा चार विद्यार्थियों को जयपुर में मॉक विधानसभा में भाग लेने का मिलेगा अवसर

समग्र शिक्षा द्वारा चार विद्यार्थियों को जयपुर में मॉक विधानसभा में भाग लेने का मिलेगा अवसर
बीकानेर। समग्र शिक्षा द्वारा प्रबल कार्यक्रम में 21वीं सदी के अनुकूल जीवन कौशलों के विकास के लिए विद्यार्थियों की क्षमताओं की पहचान एवं प्रोत्साहन के मद्देनजर जिला स्तर पर ब्लॉक विजेता विद्यार्थियों का पीएमश्री सार्दुल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को भाषण एवं पैनल चर्चा का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में एडीपीसी कृष्ण कुमार बिश्नोई, डाइट प्राचार्य प्रवीण कुमार खत्री, सहायक निदेशक भैरूं सिंह, उपप्राचार्य सुलोचना सुथार के साथ दो विद्यार्थी उपस्थित रहे। भाषण एवं पैनल चर्चा का विषय ’हमारा भविष्य हमारा निर्णय’ रहा। प्रतियोगिता से पूर्व एडीपीसी बिश्नोई ने प्रबल कार्यक्रम को सीखने पर केंद्रित कार्यक्रम बताया और प्रतिस्पर्धा पर जोर देने के बजाय सहयोग, अनुभवात्मक शिक्षा और समग्र विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। कार्यक्रम संयोजक और पीओ समसा डॉ. विष्णु दत्त जोशी ने भाषण प्रतियोगिता एवं पैनल चर्चा के अंतर्गत प्रस्तुतियां देते समय उनके चयन के मापदंडों में विचारों की स्पष्टता, आत्मविश्वास, समस्या समाधान क्षमता जैसे बिंदुओं को प्रतिभागियों के समक्ष प्रस्तुत किया। एपीसी कैलाश धवल ने विद्यार्थियों में रचनात्मक चिंतन, नेतृत्व कौशल, समस्या समाधान जैसे कौशल विकसित करने के लिए उन्हें आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। संभागियों के पूर्व तैयारी एवं प्रबोधन सत्र का संचालन मेंटर शिक्षक कीर्ति बंसल द्वारा किया गया। ज्यूरी सदस्यों ने प्रदर्शन के आधार पर करनाणी बालिका स्कूल की खुशी, बंधडा स्कूल की निरमा, पीएम श्री सार्दुल स्कूल के राजा हसन और राजासर करणीसर स्कूल के राकेश मूंड का विधानसभा में भाग लेने हेतु चयन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *