

शक्ति सर्जन 2.0 का विमोचन
बीकानेर। अतिरिक्त जिला कलक्टर (रमेश देव की अध्यक्षता में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जिला महिला समाधान समिति एवं उड़ान योजना की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपनिदेशक महिला अधिकारिता डॉ. अनुराधा सक्सेना द्वारा गत वित्तीय वर्ष में संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित एक्शन प्लान प्रस्तुत किया गया, जिसमें जिले की बेटियों एवं महिलाओं के लिए पॉडकास्ट, टॉक शो, साक्षात्कार, कार्यशालाएं, महत्वपूर्ण दिवसों का आयोजन जैसे नवाचार शामिल हैं। बैठक में इस एक्शन प्लान का अनुमोदन किया गया।
जिला महिला समाधान समिति के सदस्य सचिव ने बताया कि जिले में संचालित 9 महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्रों में कुल 808 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 753 का निस्तारण किया जा चुका है। जीआरपी थाने में केन्द्र हेतु स्थान उपलब्ध कराने का विषय भी बैठक में उठा, जिस पर आरपीएस श्री संजीव कुमार चौहान ने सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही समिति द्वारा सर्वसम्मति से महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्रों के संचालन की अवधि एक वर्ष के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत तैयार गतिविधियों की पुस्तक “शक्ति सर्जन 2.0” का विमोचन भी किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापित कर बैठक का समापन किया गया।
