

संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ को लेकर निकाली रैली
बीकानेर। प्रदेश में पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों में हो रही अकारण देरी से उत्पन्न लोकतांत्रिक संकट तथा ग्राम कंकराला से जुड़े एक फर्जी एडिटेड वीडियो को वायरल किए जाने के विरोध में बीकानेर में आमसभा और आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आमजन ने हिस्सा लिया और प्रशासन व सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। विरोध प्रदर्शन और आमसभा कलेक्ट्रेट स्थित कर्मचारी मैदान में आयोजित की गई। रैली में शामिल कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोकतंत्र की बहाली और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। आमसभा को संबोधित करते हुए प्रमुख वक्ता गोविन्दराम ने सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समय पर निकाय और पंचायत चुनाव न कराना न केवल संवैधानिक प्रावधानों का खुला उल्लंघन है, बल्कि यह जमीनी स्तर पर लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने का काम कर रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि स्थानीय सरकारें विकास की रीढ़ होती हैं और जनप्रतिनिधियों के अभाव में गांवों व शहरों का विकास कार्य पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। विरोध प्रदर्शन और आमसभा में मुख्य रूप से सरिता चौहान, पेमाराम, लालचन्द आसोपा, गौरव चौहान और रामेश्वर लाल गोदारा सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में आम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
