Bikaner Bikaner District Rajasthan

सांस्कृतिक संध्या में झलका राजस्थान का रंग, 70 से अधिक गोल्ड के साथ कंप्यूटर साइंस विभाग ने जीती इंस्टीट्यूट ट्रॉफी

इंडस्ट्री 4.0 के युग में युवा होंगे भारत की सबसे बड़ी शक्ति
बीकानेर। इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित चार दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव आह्वान-2025 का समापन सांस्कृतिक संध्या और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अर्जुन राम मेघवाल थे। उन्होंने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया और विजेताओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम की शुरुआत कथक नृत्यांगना द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने लोकनृत्य, समूह गायन, इंस्ट्रूमेंटल, देशभक्ति गीत और आधुनिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। मेघवाल ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में तकनीकी संस्थान सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर इस दिशा में उत्कृष्ट योगदान दे रहा है।
70 से अधिक गोल्ड मेडल का नया रिकॉर्ड
आह्वान-2025 में इस वर्ष सबसे शानदार प्रदर्शन कंप्यूटर साइंस विभाग ने किया। विभाग ने 70 से अधिक स्वर्ण पदक जीतकर इंस्टीट्यूट स्पोर्ट्स ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमाया। निर्णायक चरणों में सीएसई टीमों ने मैदानों से लेकर इंडोर और ई-स्पोर्ट्स तक शानदार प्रदर्शन किया। क्रिकेट फाइनल में कंप्यूटर साइंस विभाग ने जीत दर्ज की  कबड्डी में इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी विभाग ने गोल्ड मेडल जीता। वुमन क्रिकेट में भी सीएससी विभाग ने जीत दर्ज की ।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. ओमप्रकाश जाखड़ ने कहा कि खेल न केवल शरीर को सशक्त बनाते हैं, बल्कि मानसिक क्षमता, निर्णय कौशल और टीमवर्क को भी विकसित करते हैं। आह्वान-2025 ने विद्यार्थियों में अनुशासन और नेतृत्व भावना को नई दिशा दी है। खेल विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा ने महोत्सव के सफल आयोजन और उत्कृष्ट सहभागिता के लिए सभी खिलाड़ियों और समन्वयकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों की समग्र व्यक्तित्व निर्माण की सबसे बड़ी प्रयोगशाला हैं। इस वर्ष की रिकॉर्ड भागीदारी कॉलेज की बढ़ती खेल संस्कृति को दर्शाती है।
महाविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. अमित सोनी ने संस्थान की उपलब्धियों और अकादमिक प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ईसीबी ने पिछले वर्षों में तकनीकी शिक्षा, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। समापन समारोह में कार्यक्रम प्रभारी डॉ. नवीन शर्मा, सह-प्रभारी इंदू भूरिया, शौकत अली सहित बड़ी संख्या में स्टाफ सदस्य, विद्यार्थी, पूर्व विद्यार्थियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सांस्कृतिक संध्या देर शाम तक चली और प्रस्तुति दर प्रस्तुति दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *