

कोटगेट फाटक समस्या पर उठाए सवाल
बीकानेर। कोटगेट रेलवे फाटक पर लंबे समय से बनी हुई जाम की समस्या को लेकर आमजन की परेशानियों को आवाज देते हुए समाजसेवी नितिन वत्सस ने सरकार और जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए हैं। वत्सस ने कहा कि कोटगेट फाटक बंद होने के दौरान लगने वाले जाम से प्रतिदिन हजारों नागरिक प्रभावित होते हैं। स्कूल जाने वाले विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी, मरीज और आम नागरिक लंबे समय तक जाम में फंसने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि बीकानेर की जनता वर्षों से इस समस्या के स्थायी समाधान की प्रतीक्षा कर रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने कहा, “क्या कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने बीकानेर की जनता को बेवकूफ समझ लिया है? रेल फाटक समस्या से आखिर कब मुक्ति मिलेगी? जब भी चुनाव आते हैं या जनदबाव बढ़ता है, तब समाधान के दावे किए जाते हैं, लेकिन जैसे ही समाधान की दिशा में कोई पहल दिखाई देती है, पक्ष-विपक्ष की राजनीति शुरू हो जाती है और मामला फिर अधर में लटक जाता है।” वत्सस ने मांग की कि कोटगेट फाटक समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा शहरवासियों को जाम की परेशानी से राहत दिलाने के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना लागू की जाए। उन्होंने कहा कि बीकानेर की जनता अब आश्वासनों से नहीं, बल्कि धरातल पर परिणाम चाहती है।
