

जलभराव की समस्या को लेकर बार एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। वर्षा के कारण पुराने न्यायालय परिसर में उत्पन्न जलभराव की समस्या को लेकर बार एसोसिएशन, बीकानेर ने संबंधित न्यायाधीश को ज्ञापन प्रस्तुत कर शीघ्र समाधान की मांग की है। ज्ञापन में पुराने न्यायालय भवन एवं उसके आसपास जलभराव होने से आमजन और अधिवक्ताओं को हो रही असुविधाओं तथा आवागमन में आ रही कठिनाइयों की ओर ध्यान आकर्षित किया गया। इस दौरान सहायक अभियन्ता अशोक के न्यायालय परिसर पहुंचने पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने उन्हें मौके की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान न्यायालय परिसर में जलभराव की समस्या गंभीर रूप धारण कर लेती है, जिससे न्यायालय आने वाले आमजन, वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुरोहित ने जल निकासी की समुचित एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में न्यायालय परिसर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इस अवसर पर हेमंत सिंह चौहान, सन्तनाथ योगी, चतुर्भुज सारस्वत, रामनिवास बिश्नोई, पवन कुमार व्यास सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।
