

पुष्करणा सावा: आवेदन पत्र वितरण का कार्य प्रारंभ
बीकानेर। 10 फरवरी को पुष्करण समाज द्वारा आयोजित होने वाले सामूहिक सावे के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा बीकानेर को ‘परकोटा एक छत’ घोषित किए जाने के फलस्वरूप परिणय सूत्र में बंधने वाली किसी भी जाति अथवा धर्म की कन्या को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का प्रावधान किया गया है। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र कन्या को 21,000 रुपये की सहायता राशि तथा आयोजन करने वाली संस्था को 4,000 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। इसी क्रम में पुष्करणा सावा समिति, बीकानेर द्वारा आज आवेदन पत्र वितरण का कार्य प्रारंभ किया गया। आवेदन वितरण केंद्र से 100 से अधिक आवेदन पत्र वितरित किए गए, जिनमें से 15 आवेदन मौके पर ही प्राप्त हुए। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस सहायता योजना का उद्देश्य सामूहिक विवाह को प्रोत्साहन देना, विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्चों को कम करना तथा सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना है। समिति द्वारा आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए लगातार सेवाएं दी जा रही हैं। आवेदन वितरण एवं संग्रह कार्य में समिति के पदाधिकारी अनिल पुरोहित, वीरेंद्र किराडू, सुरेंद्र कुमार व्यास, पंडित महेंद्र व्यास, शिव महाराज, दिलीप जोशी, प्रेमशंकर, राजकुमारी व्यास, चोरसा पुरोहित सहित अन्य समाजसेवी सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पुष्करणा सावा समिति ने पात्र परिवारों से समय पर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उन्हें सरकारी सहायता का लाभ दिलाया जा सके।
