

जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर से 207 प्रशिक्षणार्थियों ने किया आवेदन, पांच हजार से अधिक युवाओं की रही भागीदारी, सैकड़ों युवाओं ने विभिन्न कौशल प्रशिक्षणों के लिए करवाया पंजीकरण
बीकानेर। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पहला संभाग स्तरीय युवा संबल मेला राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में आयोजित हुआ। मेले में 42 नियोक्ताओं ने रोजगार के सात हजार अवसर उपलब्ध करवाए। मेले के लिए कुल 5 हजार 226 युवाओं का पंजीकरण हुआ तथा 1 हजार 179 युवाओं का विभिन्न ट्रेड्स के तहत प्राथमिक चयन किया गया। शिविर में निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित नियोजकों के अतिरिक्त 11 विभिन्न सरकारी विभागों, प्रशिक्षण संस्थाओं द्वारा 352 बेरोजगार प्रार्थियों को व्यावसायिक मार्गदर्शन एवं कौशल प्रशिक्षण के लिए जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर से 207 प्रशिक्षणार्थियों ने आवेदन किया एवं स्वरोजगार हेतु मार्गदर्शन एवं ऋण सुविधाओं की जानकारी के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मेले का उद्घाटन विधायक जेठानंद व्यास, श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, जिला कलक्टर ने किया। सभी ने मेले में लगाए गए स्टॉल्स का अवलोकन किया तथा इनके द्वारा उपलब्ध वैकेंसी की जानकारी ली। सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा सरकार की उपलब्धियों पर आधारित साहित्य का वितरण किया गया। इससे पूर्व स्टॉल्स अवलोकन के दौरान जिला कलक्टर ने नियोक्ताओं और युवाओं से वैकेंसी के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने पूर्व के मेलों में नियुक्त युवाओं के प्लेसमेंट की स्थिति जानी और कहा कि रोजगार विभाग सफल युवाओं की जानकारी संकलित करें। उन्होंने कौशल प्रशिक्षण से जुड़े विभागों को अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
युवाओं का उमड़ा हुजूम
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पहली बार आयोजित युवा संबल मेले में युवाओं का हुजूम रहा। प्रातः 10 बजे से पहले ही बड़ी संख्या में युवा मेला स्थल पर पहुंच गए। युवाओं में प्रत्येक नियोक्ता द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही नौकरियों के प्रति उत्सुकता रही। दोपहर तक बड़ी संख्या में युवाओं के आने का सिलसिला जारी रहा। मैदान में प्रवेश के साथ ही प्रत्येक युवा की उपस्थिति दर्ज की गई। ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन के लिए पांच स्थानों पर क्यूआर कोड लगाए गए।
