

संघ का विजयादशमी उत्सव, पथ संचलन का पुष्पवर्षा से स्वागत
बीकानेर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महानगर की मार्कण्डेय नगर इकाई की ओर से मंगलवार को सर्वोदय बस्ती स्थित नृसिंह सागर उद्यान में विजयादशमी उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में भगवान श्रीराम, भगवा ध्वज, संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार एवं द्वितीय सरसंघचालक माधव सदाशिवराव गोलवलकर (गुरुजी) के चित्रों के समक्ष शस्त्र पूजन किया गया। इस अवसर पर मार्कण्डेय नगर की चार बस्तियों अम्बेडकर, कृपाल भैरव, वीर हनुमान एवं महाराणा प्रताप बस्ती से पथ संचलन निकाला गया। संचलन का सर्वोदय बस्ती, वैद्य मघाराम कॉलोनी, प्रताप बस्ती, मालियों का मोहल्ला, जस्सूसर गेट के बाहर स्थित दुर्गा माता मंदिर, रांकावत भवन, खत्री-मोदी मोहल्ला तथा बंगलों के पास सहित विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान अनेक स्थानों पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे भी लगाए गए। वयोवृद्ध स्वयंसेवक दाऊजी गहलोत की अध्यक्षता में आयोजित विजयादशमी उत्सव में बौद्धिक वक्ता ने संघ की स्थापना, उद्देश्य, विजयादशमी उत्सव की परंपरा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पंच परिवर्तन, देश की वर्तमान स्थिति एवं स्वयंसेवकों के दायित्वों पर विचार रखे। उन्होंने स्वयंसेवकों से संघ से जुड़कर श्रेष्ठ नागरिक, मानव एवं राष्ट्रभक्त बनने का आह्वान किया।
