

पुष्करणा समाज का सामूहिक सावा 10 फरवरी को
बीकानेर। सामाजिक बंधुत्व, सहयोग और परंपरा का यह अद्वितीय पुष्करणा सावा बीकानेर की पहचान के रूप में देशभर में प्रसिद्ध है। इस बार का सामूहिक सावा 10 फरवरी 2026 को होगा। इस सामूहिक सावे के दौरान परकोटा छत बनेगी और शहर वासी बाराती। एक दिन एक मुहूर्त में सैकड़ो जोड़े विवाह सूत्र में बंधेंगे। सामूहिक सावा की तिथि का निर्धारण गुरुवार को व्यास पार्क, जसोलाई के पास स्थित घेरूलाल व्यास के गौरीशंकर महादेव मंदिर में हुई। शास्त्रोक्त चर्चा के बाद सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त के रूप में 10 फरवरी 2026 को पुष्करणा सावा के आयोजन के लिए सहमति बनी। इस बार सावा “चंद्रशेखर व उमा“ के नाम पर निकला है, इससे पूर्व पुष्करणा ब्राह्मण के पंडितों ज्योतिष आचार्य गणितज्ञ और विद्वानों के बीच करीब 4 घंटे शास्त्रोक्त चर्चा हुई। भगवान गणेश जी के पूजन के बाद कीकाणी लालाणी व्यास सावा समिति के संयोजक नारायण दास व्यास एवं अध्यक्ष माखनलाल व्यास ने कहा कि परंपरा अनुसार राज ज्योतिषी आचार्य राजेंद्र कुमार की ओर से सावा की संभावित तिथियां रखी गई, इन तिथियों पर समाज के चौथानी ओझा, किराडू, नानकानी ओझा जाति के पंडितों विद्वानों पंचांग कर्ताओं ने शास्त्रोंक्त चर्चा की और सर्वश्रेष्ठ तिथि का चयन किया। इस मौके पर पंडित जुगल किशोर ओझा, पंडित अशोक ओझा, पंडित राजेंद्र किराडू, पंडित सुशील कुमार, पंडित अशोक, गोपाल ओझा, यज्ञेश ओझा, वाद्य ओझा, बसंत ओझा, सहित अनेक विद्वानों ने चर्चा की। इस अवसर पर कमेटी सचिव श्रीकांत व्यास सदस्य सुरेंद्र व्यास, कानू लाल व्यास, ओमप्रकाश व्यास, बृजेश्वर लाल व्यास, अनिल व्यास, गोपाल व्यास, सहित समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
