Bikaner Bikaner District Rajasthan

बजट घोषणाओं की प्रगति समीक्षा

बजट घोषणाओं की प्रगति समीक्षा
बीकानेर। वित्तीय वर्ष 2024-25 तथा 2025-26 की बजट घोषणाओं की प्रगति समीक्षा बैठक सोमवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) रमेश देव की अध्यक्ष में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की घोषणाओं तथा अब तक उनके क्रियान्वयन की प्रगति के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उच्च स्तर पर इसकी नियमित समीक्षा की जाती है। इसके मद्देनजर प्रत्येक अधिकारी इन घोषणाओं के क्रियान्वयन को पूर्ण गंभीरता से लें। किसी प्रकार की कमी रहने पर संबंधित कार्यालयाध्यक्ष इसके लिए जिम्मेदार होगा। उन्होंने भूमि आवंटन से जुड़े मामलों का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता से करने तथा किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को इससे अवगत करवाने के निर्देश दिए। साथ ही बजट घोषणाओं की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट देने के साथ विभाग स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं के समय पर पूर्ण होने पर सरकार की मंशा के अनुरूप लक्षित वर्ग को इनका पूर्ण लाभ मिल पाता है। उन्होंने प्रत्येक विभाग को क्रियान्वयन में ओर प्रगति लाने तथा आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल, नगर निगम उपायुक्त कुलराज मीणा, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के अतिरिक्त निदेशक सत्येंद्र सिंह राठौड़, आरसीएचओ डॉ रमेश गुप्ता, जिला क्षय रोग निवारण अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर मोदी, मेडिकल कॉलेज की अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. रेखा आचार्य, पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *