

आरटीई भुगतान को लेकर प्राइवेट स्कूल्स फेडरेशन का विरोध
बीकानेर। प्राइवेट स्कूल्स फेडरेशन ने आरटीई के तहत प्री-प्राइमरी कक्षाओं के भुगतान को लेकर शिक्षा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। फेडरेशन ने अतिरिक्त निदेशक (शिक्षा) शैलेंद्र देवड़ा को स्मरण पत्र सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि 15 अप्रैल तक पुनर्भरण के स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए, तो प्रदेश के निजी स्कूल इन कक्षाओं में प्रवेश नहीं देंगे। फेडरेशन ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि सरकार अपनी हठधर्मिता नहीं छोड़ती है, तो स्कूलों के पास प्रवेश रोकने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं बचेगा। गिरिराज खैरीवाल ने बताया कि हाई कोर्ट द्वारा 8 जनवरी 2026 को भुगतान के आदेश दिए जाने के बावजूद विभाग अब तक मौन है। उन्होंने मांग की कि शिक्षा विभाग त्वरित कार्रवाई करते हुए तुरंत भुगतान संबंधी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे। इस दौरान प्रभुदयाल गहलोत, तरविंदर सिंह कपूर, अशोक उपाध्याय, रमेश बालेचा, अभिजीत व्यास, सोमेश्वर स्वामी, अमिताभ हर्ष, युवराज जैन, धर्मेंद्र कुमार शर्मा, अमित वर्मा, भरतसिंह राठौड़, मनोज अग्रवाल, कमल पंवार, मुकेश पांडेय, भंवर सिंह, बृजभूषण शर्मा, विष्णु पंवार, महेंद्र आचार्य सहित अनेक निजी स्कूल संचालक उपस्थित रहे।
