

डॉ करणी सिंह स्टेडियम में होगा ”घूमर फेस्टिवल 2025” का आयोजन, राज्य के सभी सातों संभाग मुख्यालयों पर 15 नवंबर की शाम 06 बजे एक साथ होगा आयोजन, बेस्ट ग्रुप डांस, बेस्ट ग्रुप कॉस्टयूम समेत पांच अलग-अलग कैटेगरी में मिलेगा नकद पुरस्कार, 12 वर्ष से अधिक उम्र की सभी बालिकाएं और महिलाएं ले सकेंगी हिस्सा, घूमर फेस्टिवल 2025 की तैयारियों को लेकर हुई जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की हुई समन्वय बैठक
बीकानेर। राजस्थान की पारंपरिक लोक नृत्य शैली घूमर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने को लेकर उप मुख्यमंत्री श्रीमती दीया कुमारी के प्रयासों से पर्यटन विभाग नई पहल करने जा रहा है। गुजरात के गरबा की तरह अब राजस्थान का घूमर भी बड़े पैमाने पर आयोजित कर प्रमोट किया जाएगा। राज्य के सभी संभाग मुख्यालयों पर आगामी 15 नवंबर को घूमर फेस्टिवल 2025 का आयोजन होने जा रहा है। घूमर फेस्टिवल की तैयारी को लेकर सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम सिटी श्री रमेश देव की अध्यक्षता में समन्वय बैठक का आयोजन किया गया।
राज्य के सातों संभाग मुख्यालयों पर होगा आयोजन
बैठक में पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक श्री अनिल राठौड़ ने बताया कि राज्य के सभी सातों संभाग मुख्यालयों बीकानेर, अजमेर, जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा पर 15 नवंबर की शाम 6 बजे घूमर फेस्टिवल 2025 का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में राजस्थानी वेशभूषा और लोकगीत के साथ प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इससे जैसे गुजरात का गरबा यूनेस्को की सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल हुआ है, उसी तरह राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर घूमर को संरक्षण मिलेगा और घूमर ब्रांड राजस्थान की पहचान के रूप में स्थापित होगा।
बीकानेर में डॉ करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होगा फेस्टिवल
बीकानेर में यह फेस्टिवल डॉ करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। जहां दो बड़े स्टेज बनाए जाएंगे। साथ ही उद्योग विभाग,महिला एवं बाल विकास विभाग इत्यादि की ओर से देशी उत्पादों को प्रमोट करने वाली विभिन्न स्टॉल भी लगाई जाएगी।
फेस्टिवल में कौन बन सकेगा प्रतिभागी
राठौड़ ने बताया कि फेस्टिवल में प्रतिभागी 12 वर्ष से ऊपर की सभी बालिकाएं और सभी महिलाएं बन सकेंगी। सभी स्कूल, कॉलेज की बालिकाएं, डांस स्कूल, एकेडमी ,गृहिणी, कामकाजी महिलाएं, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं हिस्सा ले सकेंगी। खास बात फेस्टिवल में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को पर्यटन विभाग की साइट पर जाकर दिए गए लिंक पर रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य होगा। रजिस्ट्रेशन एकल और ग्रुप दोनों रूप में करवाए जा सकेंगे। रजिस्ट्रेशन निशुल्क होगा। रजिस्ट्रेशन का कार्य अक्टूबर प्रथम सप्ताह से शुरू होगा। जिसके बारे में जल्द ही जानकारी दे दी जाएगी। फेस्टिवल में रजिस्ट्रेशन करवाने वाले सभी प्रतिभागियों को आयोजन के पश्चात ऑनलाइन सर्टिफिकेट भी जारी किया जाएगा।
पांच कैटेगरी में मिलेगा पुरस्कार
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक श्री राठौड़ ने बताया कि पांच अलग-अलग कैटेगरी”बेस्ट ग्रुप डांस”, ”बेस्ट ग्रुप कॉस्टयूम”, ”बेस्ट ग्रुप ज्वेलरी”, ”बेस्ट ग्रुप सिंक्रोनाइजिंग”, ”बेस्ट ग्रुप कोरियोग्राफर” में विजेता और उपविजेता को आकर्षक नक़द पुरस्कार प्रदान किए जाएँगे।एकल प्रस्तुति को पुरस्कार की श्रेणी से बाहर रखा गया है। केवल ग्रुप डांस में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे.
