

नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां तेज
बीकानेर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसकी अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए नियुक्त प्रकोष्ठ प्रभारियों एवं सहप्रभारियों की बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त को सदस्य पद के लिए लोक सूचना जारी होगी। नामांकन पत्र 31 अगस्त तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे तथा 1 सितम्बर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितम्बर निर्धारित की गई है। चुनाव चिह्नों का आवंटन 4 सितम्बर को होगा। प्रथम चरण में जिले की छह नगर पालिकाओं के लिए 9 सितम्बर तथा बीकानेर नगर निगम के लिए 11 सितम्बर को मतदान होगा। मतगणना 14 सितम्बर को की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न प्रकोष्ठों द्वारा अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी लेते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकोष्ठ एवं उससे जुड़े कार्य निर्वाचन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी भूमिका और दायित्व को पूरी तरह समझते हुए कार्य करें। उन्होंने आचार संहिता की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठों में आवश्यकता के अनुसार न्यूनतम कार्मिकों को ही नियोजित किया जाए। निर्वाचन से संबंधित सभी प्रशिक्षण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किए जाएं। साथ ही मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जाएं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्वाचन से संबंधित प्रत्येक कार्य राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार इलेक्शन मैनुअल के अनुसार ही किया जाए तथा इसकी पालना सुनिश्चित की जाए।
