

भारती जीनगर को पीएचडी उपाधि, हिन्दी जीवनी साहित्य पर किया तुलनात्मक शोध
बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर से संबद्ध शोधार्थी भारती जीनगर ने ‘दूसरा जीवन एवं रेणु : एक जीवनी का तुलनात्मक अध्ययन’ विषय पर अपना पीएचडी शोधकार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। यह शोधकार्य राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्रो. ब्रजरतन जोशी के निर्देशन में संपन्न हुआ। शोध में गिरधर राठी द्वारा लिखित ‘दूसरा जीवन’, जो साहित्यकार कृष्णा सोबती की जीवनी है, तथा भारत यायावर द्वारा लिखित ‘रेणु : एक जीवनी’ का तुलनात्मक अध्ययन किया गया। इसमें दोनों महत्वपूर्ण जीवनीपरक कृतियों के साहित्यिक, वैचारिक, सांस्कृतिक तथा जीवनी-लेखन संबंधी विभिन्न पक्षों का गहन विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है। शोध के माध्यम से हिन्दी जीवनी साहित्य की परंपरा, उसके विकास तथा दोनों कृतियों की विशिष्टताओं का सम्यक् मूल्यांकन किया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित सभी शैक्षणिक प्रक्रियाओं को पूर्ण करने के उपरांत भारती जीनगर को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई।
