

पीबीएम सुधारो जन आंदोलन का सातवां दिन: महिला कांग्रेस ने अस्पताल के बाहर दिया धरना, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उठाई मांग
बीकानेर। पीबीएम सुधारो जन आंदोलन के तहत सातवें दिन जिला महिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं देहात के नेतृत्व में पीबीएम अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया। आंदोलन के दौरान महिलाओं ने अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं, चिकित्सकीय लापरवाही और कथित भ्रष्टाचार के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की मांग की। जिला महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष शशिकला राठौड़ एवं देहात अध्यक्ष शांति बेनीवाल ने कहा कि प्रसूताओं की डिलीवरी के दौरान कथित चिकित्सकीय लापरवाही से छह महिलाओं की किडनी प्रभावित होने का मामला अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना ने अस्पताल की उपचार व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं में सुधार, मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। इस अवसर पर जिला कांग्रेस देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल सहित अन्य वक्ताओं ने भी अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। जिला संगठन महासचिव प्रहलाद सिंह मार्शल ने बताया कि धरना-प्रदर्शन में डॉ. राजेन्द्र मूंड, अंजु पारख, डॉ. प्रीति मेघवाल, शर्मिला पंचारिया सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
