

पीबीएम सुधारो आंदोलन दसवें दिन जारी, डॉ. बी.डी. कल्ला ने दिया समर्थन
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर चल रहा ‘पीबीएम सुधारो आंदोलन’ दसवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। रना स्थल पर पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. बी.डी. कल्ला ने आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए सरकार एवं प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा लगातार जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए जा रहे हैं, लेकिन इन मांगों पर अपेक्षित सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार एवं आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. कल्ला ने कहा कि पीबीएम अस्पताल संभाग का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है और यहां आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से अस्पताल की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। इस दौरान धरना स्थल पर देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, भंवर कूकणा, श्रीकृष्ण गोदारा, डॉ. प्रीति मेघवाल सहित अनेक कांग्रेसजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
