

स्थापना दिवस पर चित्रकारी कार्यशाला व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
बीकानेर। लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति द्वारा शहर के 15 सुप्रसिद्ध चित्रकार लक्ष्मीनाथ पार्क की दीवारों पर चित्रकारी कर पार्क परिसर को सुंदर बनाने में सहयोग करेंगे। सीताराम कच्छावा ने बताया कि बीकानेर नगर के 539वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, बीकानेर विकास प्राधिकरण, राजस्थान संगीत नाटक अकादमी तथा समिति के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनका शुभारंभ 12 अप्रैल को “म्हारो प्यारो बीकाणो” चित्रकारी कार्यशाला से होगा। कार्यशाला के संयोजक धर्मा स्वामी तथा उप संयोजक रामकुमार भादाणी ने बताया कि इस दौरान शहर की प्रमुख धरोहरों जैसे लक्ष्मीनाथ जी मंदिर, भांडाशाह जैन मंदिर, राव बीकाजी की टेकरी, कोटगेट, जूनागढ़ फोर्ट, जिलाधीश कार्यालय, लक्ष्मी निवास पैलेस, रामपुरिया हवेली, करणी माता मंदिर, गजनेर झील तथा कोलायत सरोवर के चित्र उकेरे जाएंगे। साथ ही सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं को भी दर्शाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में धर्मा स्वामी, रामकुमार भादाणी, डॉ. मोना सरदार डूडी, एस.के. नाथ, मुकेश जोशी, अनिल बन, कमल जोशी, प्रिया मारु, जय श्री सुथार, उमा शंकर पड़िहार, मुकेश उपाध्याय, महेश लावा, लक्ष्मी चौधरी, गणेश रंगा एवं लक्ष्या रांकावत भाग लेंगे। इसके तहत 16 अप्रैल को गढ़ गणेश मंदिर परिसर में चंदा महोत्सव आयोजित होगा, जबकि 17 अप्रैल को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
