Bikaner Bikaner District Rajasthan

उपेक्षा से जर्जर हुई पुरानी कचहरी, हादसे का खतरा

उपेक्षा से जर्जर हुई पुरानी कचहरी, हादसे का खतरा; बार एसोसिएशन के आक्रोश पर जागा प्रशासन
बीकानेर। वर्षों से उपेक्षा का शिकार बनी पुरानी कचहरी का ऐतिहासिक भवन अब खस्ताहाल होकर हादसों को खुला न्योता दे रहा है। भवन की जर्जर स्थिति से अधिवक्ताओं, न्यायिक कर्मचारियों और आमजन की सुरक्षा पर गंभीर संकट मंडरा रहा है, लेकिन लंबे समय तक जिम्मेदार विभागों की अनदेखी के कारण हालात लगातार बदतर होते गए। बार एसोसिएशन, बीकानेर के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक सिद्धि कुमारी को ज्ञापन सौंपकर भवन के संरक्षण और तत्काल मरम्मत की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उचित रख-रखाव के अभाव में ऐतिहासिक भवन बेहद जर्जर हो चुका है। मानसून के दौरान इसकी स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है तथा कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। अधिवक्ताओं ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समय रहते मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी। विधायक सिद्धि कुमारी ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए भवन के संरक्षण एवं मरम्मत कार्य के लिए 20 लाख रुपये की राशि यथाशीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराने का भरोसा भी दिलाया। प्रतिनिधिमंडल में बार एसोसिएशन के सचिव हेमंत सिंह चौहान, सहायक सचिव गणेश टाक, भंवर विश्नोई, प्रशांत तंवर सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *