

माली-सैनी समाज की मोहल्ला समितियां करेंगी घर-घर संपर्क, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य पर होगा विशेष फोकस
बीकानेर। माली-सैनी वैवाहिक समारोह समिति की ओर से विभिन्न मोहल्ला समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के संगठनात्मक विस्तार, सामाजिक सहयोग और जनहित से जुड़ी नई योजनाओं पर विस्तृत मंथन किया गया। समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल भाटी ने बताया कि एक वर्ष पूर्व बीकानेर के विभिन्न क्षेत्रों में 24 मोहल्ला समितियों का गठन किया गया था। अब इन समितियों को सक्रिय करते हुए पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर संपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान समाज के परिवारों से संवाद कर रोजगार, चिकित्सा, शिक्षा तथा आर्थिक समस्याओं की जानकारी ली जाएगी और उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। साथ ही वैवाहिक योग्य युवक-युवतियों का डाटा संकलित किया जाएगा तथा विद्यार्थियों की शिक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं से संबंधित जानकारी एकत्र कर उनके हित में योजनाएं बनाई जाएंगी। भाटी ने बताया कि प्रत्येक मोहल्ला समिति के माध्यम से समय-समय पर निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि समाज के जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में हुकमचंद कच्छावा, प्रेम कुमार गहलोत, मुरली गहलोत, मुरली पंवार, राकेश गहलोत, संदीप भाटी, सूरज तंवर, मनोज भाटी, संजय सांखला, किशन गहलोत, भुवनेश तंवर, मनोज गहलोत, मोहित भाटी, ललित तंवर, गौरीशंकर भाटी, मनोज कच्छावा, रजत गहलोत सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।
