

पीबीएम अस्पताल में मरीज परिजनों से मारपीट के विरोध में ज्ञापन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में मरीजों के परिजनों के साथ अस्पताल स्टाफ द्वारा कथित मारपीट की घटनाओं के विरोध में एक प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि माइक्रोबायोलॉजी विभाग सहित अन्य विभागों में दो अलग-अलग मामलों में मरीजों के परिजनों के साथ अस्पताल कर्मियों द्वारा मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। प्रतिनिधिमंडल ने इन घटनाओं को गंभीर बताते हुए अस्पताल प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष भंवर कूकना ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं चिकित्सा सेवा की गरिमा और मानवीय मूल्यों के विपरीत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में अनुशासन और जवाबदेही की कमी के कारण ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आमजन का भरोसा प्रभावित हो रहा है। इस अवसर पर श्रीकृष्ण गोदारा ने कहा कि अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं संस्थान की साख को धूमिल करती हैं तथा भय और असुरक्षा का वातावरण पैदा करती हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि दोनों घटनाओं में शामिल कर्मचारियों की पहचान कर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित अथवा सेवा से हटाया जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान रामदयाल बेनीवाल, रामजस कसवां, भगवान भादू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
