

मैपिंग कल्चर्स फोटोग्राफी प्रदर्शनी: विद्यार्थियों ने किया अवलोकन
बीकानेर। मलंग फोक फाउंडेशन द्वारा सेंटर फॉर लाइफ, धरम सज्जन ट्रस्ट में आयोजित ‘मैपिंग कल्चर्स’ शीर्षक फोटोग्राफी प्रदर्शनी को व्यापक सराहना मिल रही है। फोटोग्राफर एलिज़ाबेथ सिम्सन की इस प्रदर्शनी का अब तक 200 से अधिक स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों ने अवलोकन किया है। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों के अलावा बड़ी संख्या में युवा, शोधार्थी, फोटोग्राफर और आमजन भी रुचि लेकर पहुंच रहे हैं। प्रदर्शनी में विशेष रूप से पश्चिमी राजस्थान के पारंपरिक वस्त्र, लोक संगीत, कारीगरी और जनजीवन की झलक प्रस्तुत की गई है, जो बदलते समय में सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण दस्तावेज बनकर उभर रही है। गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि प्रदर्शनी को देखने के लिए वनस्थली विद्यापीठ के शोध विद्यार्थी, बीजेएस रामपुरिया कॉलेज के फाइन आर्ट विभाग के छात्र सहित अनिकेत कछावा, शंकर रॉय, धीरज जोशी, पृथ्वी सहित अनेक कला प्रेमियों ने भाग लिया। यह प्रदर्शनी न केवल कला प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का भी प्रभावी माध्यम बन रही है।
