

महीप पुरोहित ने विकसित की एआई आधारित पाइपलाइन निरीक्षण प्रणाली, मिला पेटेंट
बीकानेर। बीकानेर के युवा एंटरप्रेन्योर महीप पुरोहित ने मात्र 15 वर्ष की आयु में तकनीक के माध्यम से वास्तविक समस्याओं का समाधान खोजने का संकल्प लिया। वर्षों की मेहनत, शोध और नवाचार के बाद उनके आविष्कार एआईपीआईएस (AIPIS – Artificial Intelligence Pipeline Inspection System) को आधिकारिक रूप से पेटेंट ग्रांट हो गया है। एआईपीआईएस एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित पाइपलाइन निरीक्षण प्रणाली है, जिसे पानी, तेल, गैस तथा अन्य औद्योगिक पाइपलाइनों की लगातार निगरानी के लिए विकसित किया गया है। यह प्रणाली अत्याधुनिक सेंसर और एआई तकनीक की सहायता से पाइपलाइन में होने वाले जंग (Corrosion), रिसाव (Leakage), दबाव में असामान्यता (Pressure Anomalies) तथा संभावित तकनीकी खराबियों के शुरुआती संकेतों का पता लगाकर समय रहते चेतावनी देती है। इससे दुर्घटनाओं और पर्यावरणीय नुकसान की संभावना कम होगी, पाइपलाइन सुरक्षा बढ़ेगी और रखरखाव की लागत में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
